शंखनाद ब्यूरो की रिपोर्ट
शिकारीपाड़ा(दुमका)
आज शनिवार को शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलकुली डगाल में चल रही पत्थर की अवैध खदान पर एसडीपीओ नूर मुस्तफा अंसारी के नेतृत्व में छापेमारी की गई|छापेमारी में एक ट्रैक्टर को जब्त कर थाना लाया जा रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने जब्त ट्रैक्टर को थाना लाने नहीं दिया| ग्रामीणों के आगे पुलिस लाचार हो गई और जब्त ट्रैक्टर को ग्रामीणों ने छुड़ा लिया|पुलिस को बैरंग वापस लौटना पड़ा। बताते चलें कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नूर मुस्तफा के नेतृत्व में शुक्रवार को पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी नवल किशोर सिंह, सहायक अवर निरीक्षक परवेज आलम, रवि शंकर शर्मा ,जिला पुलिस बल एवं एसएसबी के जवानों के साथ कुलकुली डंगाल में चल रही एक अवैध पत्थर खदान पर पश्चिम बंगाल के मोहम्मद जकारिया की शिकायत पर छापामारी की गई| छापेमारी के दौरान एक पक्ष द्वारा जब्त पोकलेन को रोककर संथाल परगना के नियमानुसार चुनका लगा दिया गया|एक ट्रैक्टर जो पत्थर खदान के अंदर था उसे भी रोक कर रखा गया था| पुलिस ने पोकलेन को तो जब्त नहीं किया लेकिन ट्रैक्टर को जब्त कर वहां से थाना के लिए जैसे ही रवाना हुई ग्रामीण उग्र हो गए और पत्थर खदान से लगभग आधे किलोमीटर की दूरी पर पुलिस बल से जब्त किए गए ट्रैक्टर को छीन लिया|एक घंटे तक पुलिस ने ग्रामीणों को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण नहीं माने। मिली जानकारी के अनुसार उक्त पत्थर खदान का विवाद चुनका टुडू एवं मोहम्मद जकरिया के बीच लगभग 2 महीने से चल रहा है |थाना से दोनों पक्षों को नोटिस निर्गत किया गया था लेकिन फैसला अभी तक नहीं हो पाया है और ना ही किसी पक्ष के विरुद्ध थाना में मामला दर्ज किया गया है|मामले में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नूर मुस्तफा ने बताया कि अभी हम लोग विचार-विमर्श में लगे हैं आगे की कार्रवाई की रणनीति बना रहे हैं कुछ घंटे बाद जानकारी दी जाएगी।




