11 सूत्री मांगों को लेकर सीपीआई का धरना-प्रदर्शन

SHARE:

प्रेमशंकर पाठक की रिपोर्ट

नाला(जामताड़ा)

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की संयुक्त अंचल परिषद के बैनर तले 11 सूत्री मांगों को लेकर प्रखंड कार्यालय के समक्ष शुक्रवार को एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार संपन्न कार्यक्रम का नेतृत्व पार्टी के जिला सचिव कन्हाईचंद्र माल पहाड़िया ने किया। अपने संबोधन में वक्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार की कार्यशैली पर रोष प्रकट किया। वहीं स्थानीय समस्याओं पर भी वक्ता प्रशासन पर जमकर बरसे। जिला सचिव कन्हाईचंद्र माल पहाड़िया ने कहा कि राज्य सरकार वादाखिलाफी कर रही है। पीएम आवास योजना के तहत अनियमितता बरती जा रही है। मनरेगा योजना अंतर्गत भ्रष्टाचार हावी है। ऐसी स्थिति में विकास कार्यों का क्रियान्वयन किस प्रकार होगा। देश में व्याप्त बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार आदि मुद्दों पर बड़े कदम उठाने की आवश्यकता है। 11 सूत्री मांगों में 2050 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीद को सुगम बनाने, राज्य सरकार के वादे के अनुरुप 100 यूनिट बिजली बिल माफ करने तथा बिल वसूली में मनमानी नही करने, मनरेगा एक्ट के तहत योजनाओं को स्वीकृति देने, मजदूरों को बकाया मनरेगा मजदूरी का भुगतान शीघ्र करने तथा न्यूनतम मजदूरी दर 350 रु करने, अफजलपुर पंचायत में पीएम आवास योजना के तहत 1 लाख 15 हजार रुपए का गबन करने वाले कर्मी पर कानूनी कार्रवाई करने, आंगनबाड़ी सेविकाओं को 24 हजार रुपए मानदेय देने, सभी प्रकार के पेंशन राशि का अविलंब भुगतान करने सहित अन्य मांगों शामिल हैं। कार्यक्रम के पश्चात जिला सचिव कन्हाईचंद्र माल पहाड़िया के नेतृत्व में उपायुक्त के नाम मांग पत्र बीडीओ कौशल कुमार को सौंपा गया। मौके पर तुषार कांति मंडल, विमल कांत घोष, कालीपद राय, मिहिर मंडल, सुबल मंडल, रत्नाकर माजी, आयनचंद्र माजी, सुरेश दास, परिमल राणा, आनंद मंडल, सिदाम मुर्मू सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Join us on:

Leave a Comment