रिपोर्ट – संतोष तिवारी!
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का SKMCH दौरा आज : 30 बेड की नई ICU का करेंगे उद्घाटन, कैंसर अस्पताल का भी लेंगे जायजा तैयारी हुई पुरी
मुजफ्फरपुर: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार गुरुवार, 03 सितंबर को श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (SKMCH) का दौरा करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री का आधिकारिक कार्यक्रम दोपहर करीब 2:00 बजे प्रस्तावित है, जिसके लिए जिला प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वे अस्पताल परिसर में लगभग दो घंटे तक रुकेंगे और शाम 4:00 बजे तक विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
SKMCH के अधीक्षक डॉ. महेश प्रसाद ने स्वास्थ्य मंत्री के आधिकारिक दौरे की पुष्टि करते हुए बताया कि उनके आगमन का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम मंजूर हो चुका है। मंत्री के दौरे को लेकर अस्पताल परिसर में युद्ध स्तर पर रंग-रोगन, मरम्मत और साफ-सफाई का कार्य पूरा किया जा रहा है।
दौरे के प्रमुख बिंदु और कार्यक्रम:
30 बेड के नए ICU का उद्घाटन: स्वास्थ्य मंत्री SKMCH में नवनिर्मित अत्याधुनिक 30 बेड वाले गहन चिकित्सा कक्ष (ICU) का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इस नई सुविधा से उत्तर बिहार के गंभीर मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
टाटा कैंसर अस्पताल का निरीक्षण: उद्घाटन के पश्चात वे परिसर में ही ‘टाटा मेमोरियल’ द्वारा संचालित कैंसर अस्पताल का जायजा लेंगे और वहां उपलब्ध इलाज की सुविधाओं व व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।
अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा: मंत्री महोदय इमरजेंसी वार्ड से लेकर सामान्य वार्डों का व्यक्तिगत रूप से निरीक्षण करेंगे, ताकि मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का प्रत्यक्ष आकलन किया जा सके।
डॉक्टरों व शिक्षकों से सीधा संवाद: निरीक्षण के अंतिम चरण में स्वास्थ्य मंत्री SKMCH के लेक्चर थिएटर में डॉक्टरों, मेडिकल कॉलेज के शिक्षकों और स्वास्थ्य कर्मियों के साथ एक विशेष संवाद सत्र में भाग लेंगे।
इस दौरे को लेकर SKMCH प्रशासन और स्थानीय चिकित्सा जगत में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। माना जा रहा है कि नई आईसीयू सेवा शुरू होने से मुजफ्फरपुर सहित आसपास के जिलों के मरीजों को बेहतर आपातकालीन इलाज मिल सकेगा।



