बेगूसराय- दिव्यांग जनों के बीच बैट्री चालित ट्राय सायकिल का वितरण!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण छत्र योजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में आज दिनांक 01.09.2026 को दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, बेगूसराय द्वारा पात्र चलंत दिव्यांगजनों के बीच बैट्री चालित ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया।

इस अवसर पर कुल पांच पात्र दिव्यांग लाभुकों को बैट्री चालित ट्राईसाइकिल प्रदान की गई। लाभान्वित होने वाले दिव्यांगजनों में बेगूसराय एवं बरौनी प्रखंड क्षेत्र के चांदनी देवी, दिनेश दास, हकीम मियां, मो. जुबेर आलम एवं कश्मीर पासवान शामिल हैं।

बैट्री चालित ट्राईसाइकिल दिव्यांगजनों के लिए आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ उनके दैनिक जीवन के कार्यों को आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस सुविधा के माध्यम से दिव्यांगजन अधिक स्वतंत्रता के साथ अपने आवश्यक कार्यों का निष्पादन कर सकेंगे तथा आत्मनिर्भर बन सकेंगे। ट्राईसाइकिल प्राप्त करने के बाद सभी लाभुक काफी खुश एवं उत्साहित दिखाई दिए और उन्होंने इस सहायता को अपने जीवन के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

इस अवसर पर सहायक निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, बेगूसराय श्री अभिजीत सोनल एवं सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, बेगूसराय सुश्री नेहा कुमारी द्वारा लाभुकों के बीच बैट्री चालित ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया।

मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण छत्र योजना दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, उनकी गतिशीलता बढ़ाने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। जिला प्रशासन एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग द्वारा पात्र दिव्यांगजनों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

Join us on: