रिपोर्ट – राजीव रंजन!
मधेपुरा – भर्राही थाना क्षेत्र के मधुबन चौक के पास रविवार की देर शाम एनएच पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दो बाइकों में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर शाम दो बाइकों पर सवार चार युवक मधुबन चौक के पास एनएच से गुजर रहे थे। इसी दौरान सामने से आए ट्रैक्टर ने दोनों बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल भर्राही थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को पुलिस वाहन से सदर अस्पताल मधेपुरा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने धबौली निवासी संतोष कुमार के 25 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, तीन अन्य घायलों को गंभीर हालत में जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान सहरसा जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र के चौड़ंडा वार्ड नंबर-1 निवासी दीपनारायण मंडल के 18 वर्षीय पुत्र बुधन कुमार ने भी दम तोड़ दिया।
घटना में चौड़ंडा वार्ड नंबर-1 निवासी मुन्ना कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि एक अन्य घायल का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
दो परिवारों का बुझ गया चिराग
सौरभ कुमार अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी तीन बहनें हैं। वहीं, बुधन कुमार तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
इधर, घटना के बाद भर्राही थाना पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक और वाहन की पहचान करने में लगी है।




