संवाददाता :- विकास कुमार!
सहरसा एसपी विक्रम सिहाग के निर्देश पर अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे रात्रि गश्ती अभियान के दौरान चिरैया थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रैठी गांव के समीप सड़क पर छापेमारी कर कुख्यात अपराधी बिरजू यादव और उसके चचेरे भाई अमरजीत कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, जिसके बाद पुलिस टीम ने खदेड़कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान दो लोडेड देशी कट्टा, 37 जिंदा कारतूस और एक कारतूस रखने वाला बिंदोलिया बरामद किया गया। गिरफ्तार बिरजू यादव कनरिया थाना क्षेत्र के हसुलिया गांव वार्ड नंबर-5 का रहने वाला है और उसका पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। सहरसा के विभिन्न थानों और खगड़िया रेल थाना में हत्या, लूट समेत कुल पांच मामले दर्ज बताए गए हैं। सिमरी बख्तियारपुर प्रभारी एसडीपीओ धीरेंद्र पांडे ने बताया कि दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
BYTE :- सिमरी बख्तियारपुर प्रभारी एसडीपीओ धीरेंद्र पांडे



