रिपोर्ट – मनोज कुमार!
खबर पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से जहां रक्षाबंधन पर अभया ब्रिगेड को हरी झंडी, महिला सुरक्षा को लेकर बेतिया पुलिस की नई पहल
बेतिया। रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर पश्चिम चंपारण पुलिस ने महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण पहल की। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बेतिया से पुलिस अधीक्षक ने पुलिस दीदी पेट्रोलिंग टीम (अभया ब्रिगेड) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने अभया ब्रिगेड की टीम को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, जागरूकता और सहायता के लिए सक्रिय, संवेदनशील एवं तत्परता से कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने आमजन, विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान एवं जरूरत के समय आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
अभया ब्रिगेड की टीम क्षेत्र में नियमित भ्रमण और पेट्रोलिंग करेगी। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करने, उन्हें सुरक्षा उपायों और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता प्रदान करने का कार्य किया जाएगा।
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर शुरू की गई यह पहल महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति बेतिया पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। पुलिस का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।




