त्रिवेणीगंज में 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान!

सुपौल :- जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के बरहकुड़वा वार्ड-9 में रविवार को 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। मृतका की पहचान बरहकुड़वा वार्ड-9 निवासी संतोष सादा की पुत्री सोनी कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।परिजनों के अनुसार, किशोरी मोबाइल पर रील बनाने और देखने में काफी समय बिताती थी। शनिवार रात परिजनों ने उसे रील बनाने से मना किया था। इसके बाद नाराज होकर वह अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।परिजनों का दावा है कि कुछ समय बाद जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो किशोरी की हालत गंभीर थी। परिजनों ने बताया कि उसने अपनी ओढ़नी से फंदा लगा लिया था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने रविवार शाम करीब तीन बजे बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य एवं नमूने जुटाए। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट मिलने के बाद ही किशोरी की मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इधर, गांव में किशोरी की मौत को लेकर अलग-अलग चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। कुछ ग्रामीणों द्वारा प्रेम प्रसंग की बात कही जा रही है, हालांकि पुलिस ने फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ पाएगी। पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी है।

Join us on: