पटना ग्रामीण से रवि शंकर अमित के साथ गोविन्द कुमार की रिपोर्ट!
खबर पटना के खुसरूपुर थाना क्षेत्र से है जहाँ आदिलपुर गांव स्थित आदिलपुर घाट पर गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया जहां नहाने गए जगमाल बीघा गांव के तीन किशोर गहरे पानी में चले जाने से डूबकर लापता हो गए हैं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और घाट पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा भारी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
घटना के शिकार हुए तीनों किशोर आपस में गहरे दोस्त थे और इसी साल 11वीं कक्षा में प्रमोट हुए थे। लापता छात्रों में अंकुश कुमार उम्र 15 वर्ष पिता जितेन्द्र सिंह शामिल है जो भाइयों में बड़ा था और उसका एक छोटा भाई है। इसके अलावा रौनक कुमार उम्र 15 वर्ष पिता राजीव सिंह और सुंदरम कुमार उम्र 15 वर्ष पिता रत्नेश सिंह शामिल हैं जो दोनों अपने-अपने परिवारों के इकलौते बेटे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जगमाल बीघा गांव से कुल छह लड़के साथ में आदिलपुर घाट पर नहाने के लिए आए थे। नहाने के क्रम में सबसे पहले अंकुश गहरे पानी में जाकर डूबने लगा और उसे बचाने के प्रयास में उसके दोनों दोस्त रौनक और सुंदरम भी पानी में उतरे जिसके बाद तीनों गहरे पानी में समाकर लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद भी खुसरूपुर थाना की पुलिस के देरी से पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। हालांकि इस संबंध में खुसरूपुर थाना अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल घटनास्थल पर भेज दिया गया था और एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाकर छानबीन व खोजबीन शुरू करवा दी गई है। फिलहाल एसडीआरएफ की टीम लगातार गोताखोरों के माध्यम से लापता तीनों छात्रों की तलाश में जुटी हुई है और पुलिस आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।



