राष्ट्र गौरव एवं राष्ट्रीय एकता की भावना के साथ ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में बढ़-चढ़ कर शामिल हों :- मुख्यमंत्री!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

मुख्य बिंदु :-

मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत जे०पी० गोलंबर से कारगिल चौक तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। 17 अगस्त तक चलेगा यह अभियान।

भारत की अखंडता, संप्रभुता, एकता, लोकतंत्र एवं राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है तिरंगा।

तिरंगे की गरिमा एवं सम्मान की रक्षा करना युवा पीढ़ी का दायित्व है।

पटना 10 अगस्त 2026 मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में हर घर तिरंगा अभियान-2026′ के तहत आज जे०पी० गोलंबर से कारगिल चौक तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा कार्यक्रम का गांधी मैदान में मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं तिरंगा झंडा लहराकर विधिवत शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में निकली इस तिरंगा यात्रा में ‘भारत माता की जयघोष’, राष्ट्रभक्ति की धुन एवं ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच बिहार सरकार के मंत्रीगण, विधायकगण, विधान पार्षदगण, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी एवं पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी के मार्गदर्शन में बिहार में तिरंगा यात्रा की शुरुआत हुई है, जो 17 अगस्त तक चलेगी। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों का ध्वज नहीं है। हमारे पूर्वजों एवं स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को आजादी दिलाई है। तिरंगा उनके त्याग, बलिदान और हमारे राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। यह देश की अखंडता, संप्रभुता, एकता, लोकतंत्र और स्वाभिमान की पहचान है। तिरंगे के सम्मान एवं देश की रक्षा के लिए लाखों वीर सैनिकों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि तिरंगे के तीनों रंगों का अपना महत्व है। केसरिया रंग साहस, त्याग एवं बलिदान का, सफेद रंग शांति का तथा हरा रंग समृद्धि का प्रतीक है। भारत शांति का पक्षधर है, लेकिन देश की सुरक्षा एवं संप्रभुता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी देश को विकसित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। भारत आज विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत को वर्ष 2047 तक विकसित एवं सशक्त राष्ट्र बनाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान जनभागीदारी का कार्यक्रम है। पूरे बिहार के लोगों से अपील है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करें। पंचायत, नगर निकाय एवं जिला स्तर पर भी अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के तहत 21 लाख तिरंगे झंडों का वितरण किया गया है। पंचायती राज विभाग एवं नगर विकास एवं आवास विभाग भी इस अभियान में योगदान दे रहे हैं। यह बिहार के 14 करोड़ लोगों की भागीदारी का अभियान है। उन्हेंने कहा कि हमारे वीर स्वतंत्रता सेनानियों ने अपनी शहादत देकर हमें स्वतंत्रता और तिरंगा प्रदान किया है। इसकी गरिमा एवं सम्मान की रक्षा करना युवा पीढ़ी का दायित्व है। हम सभी मिलकर भारत को आगे बढ़ाने तथा राष्ट्र की रक्षा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने सभी बिहारवासियों से राष्ट्र गौरव एवं राष्ट्रीय एकता की भावना के साथ हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए जे०पी० गोलंबर पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने सबसे पहले लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव श्री प्रणव कुमार ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने ‘सेल्फी विद तिरंगा’ प्वाइंट के समक्ष तस्वीर भी खिंचवाई।

कार्यक्रम को कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ० प्रमोद कुमार ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम में कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ० दिलीप कुमार जायसवाल, भवन निर्माण मंत्री श्रीमती लेशी सिंह, सहकारिता मंत्री श्री रामकृपाल यादव, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री अशोक चौधरी, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण मंत्री श्री अरूण शंकर प्रसाद, लघु जल संसाधन मंत्री डॉ० संतोष कुमार सुमन, पथ निर्माण मंत्री श्री कुमार शैलेन्द्र, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री श्री लखेन्द्र कुमार रौशन, ग्रामीण कार्य मंत्री श्री सुनील कुमार, समाज कल्याण मंत्री श्रीमती श्वेता गुप्ता, शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी, पंचायती राज मंत्री श्री दीपक प्रकाश सहित अन्य मंत्रीगण, विधायकगण, विधान पार्षदगण, मुख्य सचिव श्री प्रत्य अमृत, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव श्री शीर्षत कपिल अशोक, सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के सचिव श्री नवीन कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी, छात्र-छात्रायें तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

Join us on:

और पढ़ें