दरभंगा – बिहार की बेटी ने रचा इतिहास पहली महिला ‘टॉप गन’ बनी भावना कंठ!

SHARE:

रिपोर्ट – लक्ष्मण कुमार!

– बिहार के दरभंगा और पूरे मिथिलांचल के लिए आज एक बेहद गर्व का पल है। दरभंगा के घनश्यामपुर प्रखंड के छोटे से गांव बाउर की बेटी और भारतीय वायुसेना की फाइटर पायलट भावना कंठ ने इतिहास रच दिया है। भावना कंठ देश की पहली महिला ‘टॉप गन’ यानी फाइटर कॉम्बैट लीडर बन गई हैं। ग्वालियर स्थित टैक्टिक्स एंड एयर कॉम्बैट डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट में 20 हफ्तों की कड़ी ट्रेनिंग के बाद उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।

नीले आसमान में भारत की शक्ति का लोहा मनवाने वाली भावना कंठ ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारत की बेटियां किसी से कम नहीं हैं। भावना ने ग्वालियर के प्रेस्टीजियस टैक्टिक्स एंड एयर कॉम्बैट डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट से 20 सप्ताह का बेहद कठिन फाइटर कॉम्बैट लीडर कोर्स सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। वायुसेना के इस सबसे एडवांस कोर्स को पूरा करने के बाद पायलटों को आम भाषा में ‘टॉप गन’ कहा जाता है और अब भावना इस उपलब्धि को हासिल करने वाली देश की पहली महिला फाइटर पायलट बन गई हैं।

फाइटर कॉम्बैट लीडर यानी एफसीएल कोर्स भारतीय वायुसेना के सबसे चुनौतीपूर्ण युद्धक प्रशिक्षणों में से एक माना जाता है। इसमें हवाई युद्ध की रणनीति, मिशन की प्लानिंग और जटिल परिस्थितियों में लड़ाकू अभियानों का नेतृत्व करने का कड़ा अभ्यास कराया जाता है। भावना कंठ वही पायलट हैं जो 2016 में देश की पहली महिला फाइटर पायलटों की टीम में शामिल हुई थीं और 2019 में दिन के समय कॉम्बैट मिशन के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली महिला बनी थीं।

दरभंगा के घनश्यामपुर प्रखंड का बाउर गांव आज जश्न में डूबा है। यह वही गांव है जिसका नाम भारत के महान वैज्ञानिक और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के सहयोगी रहे वैज्ञानिक स्व. मानस बिहारी वर्मा से भी जुड़ा है। वैज्ञानिक सोच वाली इसी माटी से निकलकर भावना ने आज पूरे देश में मिथिलांचल का परचम लहराया है।

​भावना बचपन से ही बहुत होनहार थी। उसने अपनी शुरुआती पढ़ाई गांव के ही सरकारी स्कूल से की है। उसने जो मेहनत की है, आज पूरे गांव और देश को उस पर गर्व है।

हमारे बाउर गांव, दरभंगा और पूरे बिहार के लिए यह बहुत बड़ी खुशी की बात है। भावना ने एक बार फिर यह साबित किया है कि अगर हौसला हो तो गांव का बच्चा भी देश के सबसे ऊंचे मुकाम पर पहुंच सकता है।

गांव के सरकारी स्कूल से शुरू हुआ सफर आज भारतीय वायुसेना के फाइटर जेट्स की कमान संभालने और ‘टॉप गन’ बनने तक पहुंच चुका है। भावना कंठ की यह सफलता देश की करोड़ों बेटियों के लिए एक प्रेरणा है।

Join us on:

और पढ़ें