रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय
आरा, 7 अगस्त। महाराजा कॉलेज, आरा के बी.सी.ए. विभाग द्वारा नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत एवं अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई देने के उद्देश्य से फ्रेशर्स एवं फेयरवेल समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके उपरांत महाविद्यालय की प्रधानाचार्या प्रो. कनक लता कुमारी ने स्वागत भाषण दिया।
अपने संबोधन में प्रधानाचार्या प्रो. कनक लता कुमारी ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन तथा नैतिक मूल्यों के विकास का आधार है। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विदा ले रहे विद्यार्थियों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता अर्जित करने का संदेश दिया।
बी.सी.ए. विभागाध्यक्ष डॉ. अभय कुमार मिश्र ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में मेहनत, अनुशासन एवं तकनीकी दक्षता सफलता की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने छात्रों से निरंतर सीखते रहने तथा अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के विकास में करने का आह्वान किया।
डॉ. निज़ामुद्दीन अशरफ ने अपने प्रेरणादायी वक्तव्य में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, अनुशासन और टीमवर्क के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम और दृढ़ संकल्प ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नई चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. राकेश रोशन ने विद्यार्थियों को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बी.सी.ए. विभाग विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण के लिए भी सदैव प्रतिबद्ध है।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने गीत, संगीत, नृत्य एवं अन्य रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों और सहभागितापूर्ण कार्यक्रमों ने पूरे आयोजन को उत्साहपूर्ण एवं यादगार बना दिया। इस अवसर पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया तथा वरिष्ठ विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई दी गई।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया। सौहार्द, उत्साह एवं उल्लास से परिपूर्ण वातावरण में समारोह का सफलतापूर्वक समापन हुआ।




