बेगूसराय- बहन की गवाही से पहले भाई की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप लगा सड़क जाम कर हँगामा!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित/बबलू राय!

बेगूसराय में एक सनसनीखेज मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बहन के कोर्ट में बयान दर्ज होने से पहले भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन इसे सुनियोजित हत्या बता रहे हैं, जबकि पुलिस फिलहाल हर पहलू से जांच में जुटी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।मामला बेगूसराय के लाखो थाना क्षेत्र के राजापुर-डुमरी के पास का है। मृतक की पहचान साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र निवासी चंडिका राय के पुत्र गोलू कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार गोलू अपनी बहन के न्यायालय में होने दर्ज वाले बयान के सिलसिले में एक दोस्त की बाइक लेकर बेगूसराय कोर्ट जा रहा थालेकिन वो कोर्ट पहुंचा ही नहीं, इसी दौरान उसकी क्षतिग्रस्त बाइक सड़क किनारे मिली। बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। गंभीर हालत में मिले गोलू को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।दरअसल, गोलू की बहन का गांव के ही अंकित कुमार के साथ प्रेम संबंध था। परिजनों ने दोनों को एक साथ पकड़ लिया था, जिसके बाद लड़की के परिवार ने अंकित कुमार के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी अंकित कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। कानूनी प्रक्रिया के तहत मंगलवार को पुलिस युवती का बयान दर्ज कराने बेगूसराय व्यवहार न्यायालय लेकर पहुंची थी। उसी दौरान गोलू भी कोर्ट के लिए निकला था।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि आरोपी पक्ष ने पुरानी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया। उनका कहना है कि जेल में बंद आरोपी अंकित कुमार के बहनोई ने अज्ञात वाहन से जानबूझकर गोलू की बाइक में टक्कर मरवाई और फिर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को अस्पताल में छोड़कर आरोपी फरार हो गए।वहीं डॉक्टरों के मुताबिक मृतक के माथे पर गहरी चोट के निशान मिले हैं, जबकि कलाई पर मामूली खरोंच के अलावा शरीर पर घसीटने या गंभीर सड़क दुर्घटना जैसे व्यापक चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। इससे मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।फिलहाल इस मामले में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस सड़क दुर्घटना और हत्या—दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अब सबकी निगाहें पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं, जो इस हाई-प्रोफाइल मामले की सच्चाई सामने ला सकती है।
बाइट- परिजन
बाइट- परिजन

Join us on: