:- रवि शंकर अमित!
नशामुक्त युवा ही रखेंगे विकसित भारत और समृद्ध बिहार की मजबूत नींव, बिहार में नशामुक्ति अभियान में व्यापक जनभागीदारी के लिए ब्रह्माकुमारीज के साथ होगा MoU
मुख्यमंत्री
मुख्य बिंदु :-
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का शुभारंभ किया। बिहार के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने लोक भवन, पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की।
बिहार ने नशामुक्ति की दिशा में देश के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया है। वर्ष 2016 में लागू पूर्ण शराबबंदी से विशेष रूप से महिलाओं और परिवारों को व्यापक लाभ मिला है।
मुख्यमंत्री ने ब्रह्माकुमारीज के साथ नशामुक्ति अभियान को और व्यापक बनाने के लिए सहभागिता बढ़ाने तथा बिहार में MoU करने की दिशा में पहल करने की बात कही।
पटना 02 अगस्त 2026 मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज लोक भवन, पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुभारंभ किए गए ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प’ अभियान के उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत) सैयद अता हसनैन ने संबोधित किया। ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प’ अभियान का बिहार में राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में शुरू किए गए इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि विकसित भारत तथा समृद्ध बिहार के लिए नशामुक्त युवा पीढ़ी अत्यंत आवश्यक है। प्रधानमंत्री जी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का जो संकल्प लिया है, उसे साकार करने में देश के युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी। युवा स्वस्थ, अनुशासित और नशे से मुक्त रहेंगे, तभी वे अपनी पूरी क्षमता के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्ति केवल सरकार या कानून के स्तर पर सफल नहीं हो सकती। सरकार कानून बना सकती है, लेकिन उसका प्रभावी अनुपालन और सामाजिक स्वीकार्यता जनता की सहभागिता से ही संभव है। इसलिए नशे के खिलाफ व्यापक जन-जागरण अभियान चलाने और विशेष रूप से युवाओं को इससे जोड़ने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने बिहार में नशामुक्ति की दिशा में किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में वर्ष 2016 में बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू की गई। आज इसके सकारात्मक परिणाम समाज में दिखाई दे रहे हैं। शराबबंदी से विशेष रूप से महिलाओं और परिवारों को लाभ हुआ है तथा सामाजिक वातावरण में सकारात्मक बदलाव आया
है। उन्होंने कहा कि बिहार की धरती ने प्राचीन काल में भारत को उसका ‘स्वर्ण युग’ दिया है। ज्ञान, शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में बिहार का गौरवशाली इतिहास रहा है। आज एक बार फिर बिहार के युवाओं को अपनी ऊर्जा और प्रतिभा के बल पर विकसित भारत और समृद्ध बिहार के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभानी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार एक सघन आबादी वाला और बड़ा उपभोक्ता राज्य है। जी०एस०टी० व्यवस्था लागू होने के बाद बिहार जैसे उपभोक्ता राज्यों को इसका महत्वपूर्ण लाभ मिला है। राज्य सरकार बिहार की आर्थिक क्षमता को मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक सुधारों को भी समान प्राथमिकता दे रही है।
मुख्यमंत्री ने नशामुक्ति के क्षेत्र में ब्रह्माकुमारीज द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बिहार में भी संस्था के साथ समन्वय और सहभागिता को और मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज ने भारत सरकार के साथ एम०ओ०यू० पर हस्ताक्षर कर नशामुक्ति का अभियान शुरू कर रही है। हम चाहते है कि बिहार सरकार के साथ भी यह एम०ओ०यू० हो और नशामुक्ति अभियान को गांव, शहर, विद्यालय, महाविद्यालय और युवाओं तक व्यापक स्तर पर पहुंचाया जाय। मुख्यमंत्री ने शिक्षा के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं को बेहतर शिक्षा और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना भी उन्हें नशे से दूर रखने का प्रभावी माध्यम है। राज्य में उच्च शिक्षा के अवसरों का विस्तार करते हुए 211 डिग्री कॉलेजों की शुरूआत की गई है।
मुख्यमंत्री ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ जैसी महत्वपूर्ण पहल के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में शुरू हुआ यह अभियान देश के करोड़ों युवाओं को नशे से दूर रहने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहने का संकल्प लें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। जनभागीदारी और युवा शक्ति के माध्यम से नशामुक्त बिहार और नशामुक्त भारत का निर्माण करते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जाएगा।
कार्यक्रम में माई भारत एवं ब्रह्माकुमारीज संस्था की तरफ से मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र, प्रतीक चिन्ह एवं हरित पौधा भेंट कर अभिनन्दन एवं स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों को माई भारत का कैप पहनाकर अभियान से जोड़ा गया। ब्रह्माकुमारीज बहन वर्णिका ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव श्री दीपक कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारीगण, ब्रह्माकुमारीज संस्था के सदस्यगण, एन०सी०सी० कैडैट्स, एन०एस०एस० के स्वयं सेवक, आपदा मित्र, युवा भारत के स्वयं सेवक एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे।




