रिपोर्ट – प्रिंस कुमार!
आजमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बैरिया पंचायत के सोलकंधा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 14 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक की पहचान दीपक सिंह के 14 वर्षीय पुत्र लक्ष्मण कुमार सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद माता-पिता सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मण कुमार सिंह रविवार को अपने घर के समीप डाबलू चौक के पास स्थित खेत में शौच के लिए गया था। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गरज के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से लक्ष्मण की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई
घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। परिजनों ने घटना की जानकारी आजमनगर अंचलाधिकारी अजय कुमार सिंह को भी दी।
अंचलाधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है। मामले की स्थलीय जांच कराई जाएगी तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद सरकारी प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को देय अनुग्रह अनुदान मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
वहीं ग्रामीण सुदाम सिंह, प्रीतम कुमार मंडल सहित अन्य लोगों ने राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि गरीब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है



