भोजपुर में बड़ी कार्रवाई: 14 चक्का ट्रक से 8,071 लीटर विदेशी शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट- आशुतोष पांडेय!


आरा, 1 अगस्त। भोजपुर जिले में मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक 14 चक्का ट्रक से करीब 8,071.920 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार वाहन जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त मद्यनिषेध रजनीश को गुप्त सूचना मिली कि पंजाब से बिहार की ओर एक ट्रक में भारी मात्रा में विदेशी शराब लाई जा रही है। सूचना के आधार पर निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
शुक्रवार को मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग भोजपुर तथा राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की संयुक्त टीम ने जगदीशपुर-पीरो रोड स्थित दलीपपुर मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान ट्रक संख्या MH40CD-2304 को रोककर तलाशी ली। तलाशी में ट्रक से विभिन्न ब्रांड की कुल 14,748 बोतलें विदेशी शराब बरामद हुईं, जिनकी कुल मात्रा 8,071.920 लीटर है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के लोहा थाना क्षेत्र निवासी गोविंद केशवा सूर्यवंशी एवं अनित्य मारुति बुदुक के रूप में हुई है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
बरामद शराब में रॉयल स्टेज, मैकडॉवेल्स नंबर-1, रॉयल चैलेंज तथा इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की व्हिस्की शामिल है। विभाग के अनुसार जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शराब की खेप पंजाब से बिहार के मुजफ्फरपुर भेजी जा रही थी।
छापेमारी दल में निरीक्षक अनिल कुमार, सहायक अवर निरीक्षक मदन लाल यादव, सहायक अवर निरीक्षक राणा विकास कुमार सहित मद्यनिषेध विभाग, सैप एवं होमगार्ड के जवान शामिल थे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Join us on: