रिपोर्ट:- संतोष चौहान
सुपौल : – जिले में अवैध अस्पतालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर परिषद के वार्ड संख्या-26 स्थित रिया पॉली क्लिनिक को सील कर दिया। छापेमारी के दौरान अस्पताल में एक भी डॉक्टर मौजूद नहीं मिला, जबकि वहां ऑपरेशन के बाद आठ मरीज भर्ती पाए गए। कार्रवाई की भनक लगते ही क्लिनिक संचालक रमेश कुमार दास समेत पूरा स्टाफ मौके से फरार हो गया।
सदर एसडीएम मनोहर साहू के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने क्लिनिक पर अचानक छापेमारी की। जांच में अस्पताल के संचालन में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। मौके पर न तो कोई योग्य चिकित्सक मिला और न ही ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर से संबंधित कोई रिकॉर्ड उपलब्ध कराया जा सका। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल क्लिनिक को सील कर दिया।
सिविल सर्जन डॉ० बाबू साहब झा ने बताया कि क्लिनिक में भर्ती आठ मरीजों का ऑपरेशन किया गया था। मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए सभी को तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि बिना मान्यता और योग्य चिकित्सकों के अस्पताल चलाना कानून का गंभीर उल्लंघन है। क्लिनिक संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम मनोहर साहू ने कहा कि जिले में अवैध अस्पतालों और क्लिनिकों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों की जान से खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद जिले में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और क्लिनिकों में हड़कंप मच गया है। इस दौरान बीडीओ ,सीओ और पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।




