खगड़िया- एसपी डीएम ने किया श्रावणी मेले का स्थलीय निरिक्षण!

SHARE:


रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया!


जिलाधिकारी, खगड़िया श्री विक्रम विरकर एवं पुलिस अधीक्षक, खगड़िया श्री भानु प्रताप सिंह द्वारा आज अगुआनी में आयोजित होने वाले श्रावणी मेला की तैयारियों का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेला परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र में लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित एवं सुव्यवस्थित ढंग से पुनर्व्यवस्थित (Re-arrange) करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने बैरिकेडिंग व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने, संपूर्ण मेला क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम का निर्माण कराने का निर्देश दिया। साथ ही स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मेला परिसर में अस्थायी शौचालय का निर्माण एवं उसकी नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
नदी मार्ग से होने वाले आवागमन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने नाव परिचालन के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने नावों के परिचालन क्षेत्र की स्पष्ट मार्किंग कराने, सुरक्षित चढ़ने एवं उतरने के घाटों को चिन्हित करने, प्रत्येक नाव की निर्धारित यात्री क्षमता का अनिवार्य रूप से पालन कराने, सभी नावों पर आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने तथा नाव परिचालन पर सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिए, ताकि श्रद्धालुओं का आवागमन पूर्णतः सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने तथा मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं स्थानीय प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

Join us on: