रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के जयनगर से लगने बाली भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर की बाह्य सीमा चौकी बेतौन्हा द्वारा एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए 10 ग्राम ब्राउन शुगर एवं एक होंडा हॉर्नेट मोटरसाइकिल के साथ एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु गिरफ्तार अभियुक्त एवं बरामद सामग्री को जयनगर थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।
ये कारवाई सीमा चौकी बेतौन्हा के आसूचना तंत्र से प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर विशेष गश्ती दल का गठन कर बेतौन्हा गांव के समीप सीमा स्तंभ संख्या 268/17 के निकट सघन जांच अभियान चला कर किया गया।
चलाए गए अभियान के दरान लगभग 15:05 बजे विशेष गश्ती दल ने भारत से नेपाल की ओर जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को होंडा हॉर्नेट मोटरसाइकिल सहित रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। मौके पर डॉग स्क्वाड द्वारा संदिग्ध पदार्थ की जांच कराई गई, जिसमें मादक पदार्थ होने की पुष्टि हुई। इसके अतिरिक्त ड्रग डिटेक्शन किट से परीक्षण करने पर भी बरामद पदार्थ के ब्राउन शुगर होने की पुष्टि हुई।
जिस के बाद प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने बताया कि वह उक्त मादक पदार्थ भारत के जोगिया गांव से किसी अज्ञात व्यक्ति से प्राप्त कर नेपाल के कल्याणपुर (जिला सिरहा) अपने निजी उपयोग के लिए ले जा रहा था। गिरफ्तार व्यक्ति का पहचान ग्राम कल्याणपुर, थाना मिर्चैया, जिला सिरहा, मधेश प्रदेश, नेपाल के रुप मे किया गया है।
बरामद 10 ग्राम ब्राउन शुगर, एक होंडा हॉर्नेट मोटरसाइकिल तथा गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए अग्रिम कानूनी प्रक्रिया हेतु जयनगर थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।
कमांडेंट राजेन्द्र कुमार 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर ने कहा है कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों, अवैध शराब तथा अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी रोकने के लिए सशस्त्र सीमा बल पूरी सतर्कता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। आधुनिक तकनीक, आसूचना तंत्र तथा बिहार पुलिस सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार प्रभावी अभियान चलाए जा रहे हैं। सीमा पार मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।



