रिपोर्ट – अमित कुमार!
पटना सिटीखाजेकलां थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल चाकू और खून से सना जींस पैंट भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार हत्या की वजह पुरानी दुश्मनी थी।
घटना 28 जुलाई 2026 की देर रात करीब 1 बजे की है। टिकियाटोली, छोटी बाजार निवासी सूरज कुमार गुप्ता पर आकाश कुमार ने चाकू से पीठ, चेहरे और पेट पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सूरज को गुरु गोविंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद खाजेकलां थाना में कांड संख्या 488/26 दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के मात्र 12 घंटे के भीतर 24 वर्षीय मुख्य आरोपी आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और खून से सना उसका जींस पैंट भी बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पुरानी दुश्मनी के कारण इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास का सत्यापन कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पटना में हुई इस सनसनीखेज हत्या का खुलासा पुलिस ने तेजी से करते हुए मुख्य आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। अब पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच में जुटी हुई है।



