रिपोर्ट :- संतोष चौहान!
सुपौल :- राघोपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में दो रेलकर्मियों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले बैठा। घटना के बाद दोनों पक्षों ने मारपीट, जानलेवा हमला, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए राघोपुर थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले पक्ष की ओर से रेलवे ट्रैकमैन (टीम-4) राम कुमार ने आवेदन देकर आरोप लगाया कि 24 जुलाई को सरकारी कार्य के दौरान उन्हें फोन पर गाली-गलौज की गई। उनका कहना है कि घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद जब वह रेलवे आवास पहुंचे, तब जूनियर इंजीनियर विपिन कुमार ने लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में चोट लगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी चांदी की चेन और शर्ट की जेब से 500 रूपया छीन लिए गए तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से जूनियर इंजीनियर विपिन कुमार की पत्नी मंजू देवी ने आवेदन देकर आरोप लगाया कि 24 जुलाई की रात कई लोग रेलवे आवास का दरवाजा तोड़कर जबरन घर में घुस आए। उनके अनुसार, हमलावरों ने लोहे की रॉड और देसी कट्टे के बल पर विपिन कुमार के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। मंजू देवी ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावर घर से ₹35,500 नकद और अन्य ₹30,000 सहित कुल ₹65,500 लेकर चले गए। घायल विपिन कुमार को पहले राघोपुर, फिर समस्तीपुर रेलवे अस्पताल और बाद में पटना स्थित रेलवे सेंट्रल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, राघोपुर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) प्रभारी वीरेंद्र चौधरी ने बताया कि दोनों पक्ष रेलकर्मी हैं और उनके बीच आपसी विवाद हुआ था। मामले में थाना में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।



