:- रवि शंकर अमित!
बिहार के सभी बीएड कॉलेजों में चरणबद्ध तरीके से डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे, शनिवार को सरकारी विद्यालयों में होगी हाफ-डे पढ़ाई:- मुख्यमंत्री
मुख्य बिंदु :-
मुख्यमंत्री ने मुंगेर को दी सौगात मॉडल विद्यालय, राजकीय डिग्री महाविद्यालय एवं हरपुर मॉडल थाना भवन का किया उद्घाटन ।
तारापुर में उद्योगों की स्थापना और एयरपोर्ट निर्माण से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
सात निश्चय-3 के तहत प्रत्येक प्रखंड में उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराना सरकार का लक्ष्य।
पटना 28 जुलाई 2026 मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज मुंगेर जिले के तारापुर में शिक्षा एवं पुलिस अवसंरचना से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन कर क्षेत्रवासियों को विकास की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने तारापुर विधानसभा क्षेत्र के सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) के रूप में चयनित उच्च विद्यालयों का समेकित उद्घाटन किया।
इन मॉडल स्कूलों में स्मार्ट क्लास, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर लैब, डिजिटल शिक्षण सुविधाएं तथा समृद्ध पुस्तकालय विकसित किए गए हैं। इस योजना के अंतर्गत +2 किसान वैदिक उच्च विद्यालय, लौना (तारापुर), उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय गनैली, आर०एन०एम० उच्च विद्यालय रनग्राम, सीता देवी जगमोहन साह +2 बालिका उच्च विद्यालय असरगंज, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय चाखंड, रानी प्रभावती उच्च विद्यालय संग्रामपुर, पब्लिक उच्च विद्यालय बढ़ौनियां, +2 उच्च विद्यालय मंझगांय, पंच कुमारी कन्या उच्च विद्यालय हवेली खड़गपुर तथा गांधी मेमोरियल +2 उच्च विद्यालय मुजफ्फरगंज सहित कई विद्यालयों को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर में स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय एवं कक्षाओं का निरीक्षण किया तथा छात्र-छात्राओं से संवाद कर पठन-पाठन से संबंधित जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने तारापुर प्रखंड के हरपुर में नवनिर्मित मॉडल थाना भवन का उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने थाना भवन का निरीक्षण कर उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि भवन में जन सुनवाई, अभिलेख प्रबंधन, निगरानी नियंत्रण कक्ष, महिला एवं बाल सुविधा कक्ष, वायरलेस तथा कंप्यूटर कक्ष सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस व्यवस्था को आधुनिक, सुदृढ़ एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आधुनिक थाना भवनों, पुलिस लाइन, प्रशिक्षण केंद्रों
तथा अन्य पुलिस अवसंरचनाओं के निर्माण से कानून-व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी, इससे अपराध नियंत्रण एवं त्वरित कार्रवाई की क्षमता और मजबूत होगी।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने असरगंज, जलालाबाद में रामानंद एवं परसी-राम उच्च विद्यालय परिसर में राजकीय डिग्री महाविद्यालय में पठन-पाठन का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज की स्थापना कर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उनके घर के निकट उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है। तारापुर की जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें विधायक बनाया, उस विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि असरगंज डिग्री कॉलेज का जो वादा किया गया था, आज वह पूरा हुआ है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार एवं एन०डी०ए० नेतृत्व के सहयोग से बिहार के विकास का संकल्प तेजी से पूरा किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों एवं संसाधनों के अभाव में पहले गरीब परिवारों के बच्चे नीट एवं जे०ई०ई० जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते थे, लेकिन अब हर प्रखंड में उच्च शिक्षा और गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में राज्य के विभिन्न प्रखण्डों में 211 नये राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में पठन-पाठन की शुरूआत की गयी है। अब यह संख्या बढ़कर 212 हो गयी है। उन्होंने कहा कि बिहार के सभी बीएड कॉलेजों में भी चरणबद्ध तरीके से डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे। सभी प्रखंडों में लाइव क्लास की सुविधा उपलब्ध होगी तथा डिजिटल ऐप के माध्यम से विद्यार्थी रात 11 बजे भी शिक्षकों से ऑनलाइन मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि अब शनिवार को सरकारी विद्यालयों में हाफ-डे पढ़ाई होगी। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल-कूद की भी बेहतर व्यवस्था की जा रही है। असरगंज विद्यालय के सामने स्थित मैदान का विकास कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तारापुर में उद्योगों की स्थापना की जाएगी तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट विकसित किया जाएगा, जिसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इससे क्षेत्र के युवाओं को बिहार में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे तथा मुंगेर और तारापुर विकास के नए केंद्र बनेंगे। उन्होंने कहा कि सुल्तानगंज से बाबा धाम तक की कांवर यात्रा सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण है। एक ही रंग के वस्त्र पहनकर, समान भाव से श्रद्धालु 100 किलोमीटर से अधिक की पैदल यात्रा कर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करते हैं, इससे बड़ा सामाजिक समानता का उदाहरण दुनिया में दुर्लभ है।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, विकास आयुक्त श्री मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, प्रमंडलीय आयुक्त श्री प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक श्री राकेश कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक-सह-अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम श्री पंकज कुमार दाराद, जिलाधिकारी श्री निखिल धनराज निप्पणिकर, पुलिस अधीक्षक श्री सैयद इमरान मसूद, मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो० (डॉ०) संजय कुमार सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।




