नेपाल में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प, पुलिस फायरिंग में एक की मौत, सुपौल सीमा पर बढ़ी सतर्कता!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान

सुपौल :- नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज ग्रामीण नगरपालिका-03 स्थित कप्तानगंज में रविवार देर रात दो समुदायों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) को हस्तक्षेप करना पड़ा। इस दौरान हुई फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हो गए। घायलों में नौ नागरिक और 13 सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार सावन माह में कोशी बराज से जल लेकर डीजे के साथ जा रहे बोलबम श्रद्धालुओं और दूसरे समुदाय के लोगों के बीच तेज आवाज में बज रहे गानों को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी पत्थरबाजी और हिंसक झड़प में बदल गई। पुलिस पर भी पथराव किया गया, जिसके बाद हालात नियंत्रित करने के लिए पहले हवाई फायरिंग और बाद में गोली चलानी पड़ी।फायरिंग में गंभीर रूप से घायल ओम प्रकाश मेहता की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का विराटनगर के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में नेपाल पुलिस और एपीएफ की अतिरिक्त तैनाती कर दी गई है। मामले की जांच जारी है। नेपाल में हुई हिंसक घटना का असर भारत-नेपाल सीमा से जुड़े सुपौल जिले पर भी देखने को मिला। सुरक्षा के मद्देनजर वीरपुर-भंटाबाड़ी सीमा पर निगरानी बढ़ा दी गई है और सीमा से आवागमन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि भारत और नेपाल के अधिकारियों के बीच सीमा पर आवागमन सामान्य कराने को लेकर बैठक चल रही है। निर्णय के बाद सीमा से आवाजाही फिर से बहाल कर दी जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

Join us on: