पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भोजपुर के बखोरापुर काली मंदिर में की पूजा-अर्चना, विकास व सुख-समृद्धि की कामना!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड स्थित प्रसिद्ध मां काली बखोरापुर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। मंदिर के मुख्य पुजारी ने करीब आधे घंटे तक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा संपन्न कराई। नीतीश कुमार ने मां काली से बिहार की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना की। उनके आगमन को लेकर पहले से ही प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट ने व्यापक तैयारियां की थीं तथा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
पूजा के दौरान बिहार सरकार के मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा, बड़हरा के स्थानीय विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, जदयू नेता, मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और समर्थकों ने पूर्व मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
पूजा-अर्चना के बाद नीतीश कुमार ने मौजूद लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और निर्धारित कार्यक्रम के तहत आगे के दौरे के लिए रवाना हो गए। उनके आगमन को लेकर पूरे बड़हरा क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला, जबकि जिला प्रशासन पूरी व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रहा।

Join us on: