बेगूसराय- छात्र प्रदर्शन के दौरान हिंसा के आरोप में 2 हजार पर मुकदमा दर्ज, 5 गिरफ्तार, अन्य की तलाश में जुटी पुलिस!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित/बबलू राय!

छात्र प्रदर्शन के दौरान उपद्रव मामले में बेगूसराय पुलिस ने 5 लोगों को किया गिरफ्तार शेष अज्ञात 2000 पर मामला दर्ज और 35 लोगों की तस्वीर किया गिरफ्तारी के लिए जारी!

बेगूसराय में डीएम कार्यालय के बाहर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पत्थरबाजी और हंगामे के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है,जबकि 200 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी पहचान की जा रही है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर संदिग्धों की तस्वीरें भी जारी की हैं।गुरुवार को डीएम कार्यालय के बाहर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान अचानक स्थिति बिगड़ गई थी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव किया गया, जिसमें सदर एसडीओ अश्विनी कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडे ने बताया कि इस मामले में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिनमें से पांच को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं 200 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस लगातार वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर रही है। पहचान प्रक्रिया को तेज करने के लिए बेगूसराय पुलिस ने सोशल मीडिया पर करीब 30 संदिग्ध लोगों की तस्वीरें जारी की हैं और आम लोगों से उनकी पहचान कराने की अपील की है। डीएसपी ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा। सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडे ने 25 जुलाई को प्रस्तावित छात्र आंदोलन को लेकर भी अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग शांतिपूर्ण ढंग से अपना प्रदर्शन करें, सरकारी संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिंसा या कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।डीएम कार्यालय के बाहर हुए बवाल के बाद पुलिस अब पूरी तरह सतर्क है। एक ओर जहां आरोपियों की गिरफ्तारी का सिलसिला जारी है, वहीं दूसरी ओर आगामी आंदोलन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।

Join us on: