रिपोर्ट – अभिषेक कुमार!
गया। शहर में कथित लुटेरी दुल्हन गिरोह से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जबकि दूल्हा पक्ष के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। दूल्हा हिमेंद्र उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले का रहने वाला है।
पीड़ित हिमेंद्र के अनुसार, वह शादी के लिए अपने साथियों के साथ गया आया था। आरोप है कि गिरोह के सदस्य उसे गया जंक्शन से हरली (बोधगया) ले गए, जहां लड़की दिखाने के बाद विष्णुपद मंदिर में शादी कराई गई। शादी के बाद दुल्हन नाश्ता करने के बहाने अपने एक सहयोगी के साथ फरार हो गई। इसके बाद दुल्हन पक्ष के अन्य लोग भी मौके से गायब हो गए।
हिमेंद्र का आरोप है कि शादी कराने के नाम पर उससे 1.26 लाख रुपये लिए गए, जिसमें शादी के कपड़े और अन्य खर्च शामिल थे। बाद में उसने दुल्हन के कथित मामा भरत साव और बीरबल यादव को शिक्षा विभाग कार्यालय के पास देखा, जिसके बाद विवाद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
टाउन डीएसपी सरोज साह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि मामला वास्तव में लुटेरी दुल्हन गिरोह से जुड़ा है या इसके पीछे कोई अन्य साजिश है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी!
रिपोर्ट – – अभिषेक कुमार
गया




