रिपोर्ट – मिथुन कुमार
नालंदा जिले के करायपरसुराय थाना क्षेत्र के बेरमा गांव में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक वृद्ध किसान की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान स्वर्गीय लीलधारी पासवान के 60 वर्षीय पुत्र सोहन पासवान के रूप में हुई है। मृतक के पोते राजीव कुमार ने बताया कि सोहन पासवान गांव के गौढ़ा खंधा स्थित अपने खेत में धान की रोपाई की तैयारी के लिए पगडंडी ठीक कर रहे थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ ठनका गिरा और वह उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया, लेकिन पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
वहीं, करायपरसुराय थाना अध्यक्ष ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। उन्होंने कहा कि लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बाइट:- राजीव कुमार, मृतक का पोता



