दलित विधवा महिला के साथ कथित पुलिस बर्बरता की उच्चस्तरीय जांच हो- माले!

SHARE:

रिपोर्ट- अरविंद कुमार!

समस्तीपुर भाकपा-माले के पूसा प्रखंड सचिव अमित कुमार ने पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर देवपार पंचायत के भराव टोला निवासी स्वर्गीय सत्यनारायण पासवान की 50 वर्षीय विधवा पत्नी देवसुंदरी देवी के साथ हुई कथित पुलिस बर्बरता की घटना की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा में हुई चोरी के मामले में पूछताछ के लिए थाना लाई गई देवसुंदरी देवी ने आरोप लगाया है कि थाना में उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और अमानवीय व्यवहार किया गया। यदि ये आरोप सत्य हैं, तो यह कानून, संविधान और मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है।

भाकपा-माले के जिला कमिटी सदस्य रौशन कुमार ने कहा कि पूरे मामले की न्यायिक अथवा स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए, पीड़िता को समुचित उपचार, सुरक्षा और न्याय मिले तथा दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने आगे कहा कि कानून का राज तभी कायम रहेगा जब पुलिस और प्रशासन भी कानून के प्रति जवाबदेह होंगे। भाकपा-माले पीड़ित महिला को न्याय दिलाने के लिए हर लोकतांत्रिक संघर्ष में उसके साथ खड़ी रहेगी।

Join us on: