:- रवि शंकर अमित!
मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 के अंतर्गत पर्यटकों को टिकट प्रदान कर ‘पटना जॉय राइड’ का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ
मुख्य बिंदु :-
मुख्यमंत्री ने पटना एयरपोर्ट परिसर में बिहार फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के नवनिर्मित हैंगर का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) प्राप्त 4 अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बिहार सरकार राज्य में विमानन अवसंरचना को आधुनिक बनाने तथा युवाओं को गुणवत्तापूर्ण विमानन प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 के अंतर्गत बिहार में पर्यटन को नई गति मिलेगी तथा राज्य के ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक स्थलों को हवाई दृष्टि से देखने का अनूठा अवसर उपलब्ध कराएगी।
पटना 18 जुलाई 2026 मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज पटना हवाई अड्डा प्रागंण में बिहार फ्लाइंग इंस्टीच्यूट के नवनिर्मित हैंगर का फीता काटकर एवं शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री बिहार हेली टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना 2026 के अन्तर्गत पटना जॉय राइड के शुभारंभ के तहत आज मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर जॉय राइड से सफर करनेवाले पर्यटकों को टिकट प्रदान कर इसकी शुरूआत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कमर्शियल पायलट लाइसेंस (Commercial Pilot Licence-CPL) प्राप्त चार अभ्यर्थियों- कैप्टन कुमार धैर्य, कैप्टन जीनियस विवेक, कैप्टन कर्ण कुमार भारती एवं कैप्टन सोनल मान सिंह को प्रमाण पत्र प्रदान कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के युवा, विमानन जैसे अत्याधुनिक एवं संभावनाओं से भरपूर क्षेत्र में आगे बढ़ें और राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 के अंतर्गत बिहार में पर्यटन को नई गति मिलेगी तथा राज्य के ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक स्थलों को हवाई दृष्टि से देखने का अनूठा अवसर उपलब्ध कराएगी। इससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, निवेश आकर्षित होगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन और नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं के विकास के माध्यम से बिहार को नई पहचान दिलाने के लिए संकल्पित है।
हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म जैसी अभिनव पहलें राज्य के पर्यटन मानचित्र को और अधिक समृद्ध बनाएंगी तथा देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करेंगी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पर्यटन मंत्री श्री केदार प्रसाद गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, सिविल विमानन विभाग के सचिव श्री निलेश रामचन्द्र देवड़े, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक श्री जितेन्द्र राणा, पर्यटन विभाग के निदेशक श्री उदयन मिश्रा, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री नंद किशोर, पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के० शर्मा सहित अन्य वरीय पदाधिकारीगण एवं हेलीकॉप्टर जॉय राइड से सफर करनेवाले पर्यटक उपस्थित थे।




