27 वां स्थापना दिवस पर आईएनजेएफ ने जयनगर में पत्रकारों के साथ किया समारोह का आयोजन!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा

जयनगर में जिला इकाई की महत्वपूर्ण बैठक, पत्रकारों ने उठाए पेशेवर मुद्दे

मधुबनी भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ ( आई एन जे एफ ) कि शाखा का 27 वें स्थापना दिवस के अवसर पर मधुबनी जिला इकाई के द्वारा जयनगर स्थित महिला महाविद्यालय परिसर में एक बैठक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ, बिहार प्रदेश के अध्यक्ष प्रोफेसर जगदीश प्रसाद यादव ने किए। बैठक का आयोजन मधुबनी जिला इकाई के बैनर तले आयोजित किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में पत्रकार एवं संगठन के सदस्य उपस्थित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन के राष्ट्रीय संयोजक सह संस्थापक डॉक्टर भगवान प्रसाद उपाध्याय के सम्मान में महाविद्यालय परिसर में बेल एवं अशोक का पौधा रोप कर किया गया। उपस्थित सदस्यों ने पौधारोपण को पर्यावरण संरक्षण तथा संगठन के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक बताते हुए इसे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश बताया। मौके पर उपस्थित सभी पत्रकारो ने संकल्प लिया कि पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में भी संगठन अपनी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। बैठक को संबोधित करते हुए बिहार प्रदेश अध्यक्ष प्रोफेसर जगदीश प्रसाद यादव ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ पिछले 27 वर्षों से देशभर के पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज को सही दिशा देने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में पत्रकारों का संगठित रहना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन की नीतियों एवं उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा नए पत्रकारों को महासंघ से जोड़ने का आह्वान किया। बैठक के दौरान मधुबनी जिला महासचिव सुरेश कुमार गुप्ता ने संगठन की मजबूती पर विशेष बल देते हुए कहा कि संगठन तभी सशक्त होगा जब सभी सदस्य एकजुट होकर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सदस्य समय पर अपना सदस्यता कार्ड रिन्यूअल कराएं तथा जिला स्तर पर आयोजित सभी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन हमेशा तत्पर है, लेकिन इसके लिए संगठनात्मक एकता और अनुशासन आवश्यक है। उन्होंने सभी पत्रकारों से आपसी सहयोग, संवाद और भाईचारे की भावना बनाए रखने का आग्रह किया। जिला अध्यक्ष मनीष सिंह यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ पत्रकारों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत है। यदि किसी भी पत्रकार के साथ अन्याय, उत्पीड़न या अभद्र व्यवहार होता है, तो संगठन उसके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा और न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और लोकतंत्र की रक्षा का दायित्व भी है। कार्यक्रम में संगठन के कोषाध्यक्ष संजय तिवारी ने भी संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की आर्थिक मजबूती और पारदर्शिता से ही विभिन्न जनहित एवं पत्रकार हित के कार्यक्रमों का सफल संचालन संभव है। उन्होंने सभी सदस्यों से नियमित सहयोग एवं सहभागिता का आह्वान किया है। बैठक में उपस्थित वरिष्ठ सदस्यों एवं पत्रकारों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। आईएनजेएफ के कार्यकारी सदस्य गोविंद जोशी ने पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय और सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। संतु नायक ने ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सचिन कुमार कसेरा ने संगठन के विस्तार और युवा पत्रकारों को जोड़ने की आवश्यकता बताई। मनोज कुमार पांडे ने पत्रकारिता की बदलती चुनौतियों और डिजिटल मीडिया के प्रभाव पर अपने विचार रखे। जवाहर मंडल ने पत्रकारों के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया, जबकि पुरुषोत्तम कुमार महतो ने संगठन को और अधिक सक्रिय एवं जनसरोकारों से जोड़ने पर बल दिया। बैठक के दौरान पत्रकारों के हितों, सदस्यता अभियान, संगठन विस्तार, भविष्य की कार्ययोजना तथा जिला स्तर पर आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि संगठन को गांव-गांव और प्रखंड स्तर तक मजबूत किया जाएगा, ताकि हर पत्रकार को एक सशक्त मंच उपलब्ध हो सके। कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ केवल एक संगठन नहीं, बल्कि पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की आवाज है। पिछले 27 वर्षों में महासंघ ने अनेक पत्रकारों की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और भविष्य में भी यह कार्य निरंतर जारी रहेगा। सभी सदस्यों ने संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने तथा पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखने का संकल्प को दोहराया। अध्यक्षीय संबोधन के उपरांत कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया। अंत में सभी सदस्यों ने संगठन की एकता, पत्रकारों के हितों की रक्षा तथा निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया और बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित सदस्यों में प्रोफेसर जगदीश प्रसाद यादव (बिहार प्रदेश अध्यक्ष), मनीष सिंह यादव (जिला अध्यक्ष), सुरेश कुमार गुप्ता (जिला महासचिव), सचिन कुमार कसेरा, गोविंद जोशी, पुरुषोत्तम महतो, संतू नायक, गौरव शर्मा, जवाहर मंडल, मनोज कुमार पांडे, पवन महतो, सुरेश कुमार गुप्ता उपाध्यक्ष, संजू, रोहित कामत, संजय तिवारी सहित मधुबनी जिला इकाई के कय पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और स्थापना दिवस के अवसर पर संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।

Join us on: