:- रवि शंकर अमित!
जनसंपर्क अभियान में उमड़ा जनसैलाब, बांकीपुर में एनडीए के पक्ष में दिखा उत्साह
घर-घर पहुंच रहा एनडीए का जनसंपर्क अभियान, जनता ने जताया जीत का भरोसा
बांकीपुर की जनता के प्यार और स्नेह से अभिभूत हूँ, जनता ने कमल खिलना तय कर दिया : नीरज सिन्हा
पटना, 16 जुलाई। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए समर्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा का जनसंपर्क अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। गुरुवार को उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों, बाजारों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों से संपर्क कर एनडीए के पक्ष में मतदान की अपील की। जनसंपर्क अभियान के दौरान हर वर्ग के लोगों का उत्साह और समर्थन देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, अधिवक्ताओं, युवाओं और महिलाओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए जीत का भरोसा दिलाया।
जनसंपर्क अभियान की शुरुआत अहले सुबह वार्ड-21 स्थित श्रीकृष्णापुरी पार्क से हुई, जहां मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों से आत्मीय मुलाकात की गई। इसके बाद श्रीकृष्णापुरी मोहल्ले के महल क्षेत्र में लोगों से मुलाकात कर चाय पर चर्चा की गई। नागरिकों ने क्षेत्र के विकास को लेकर सकारात्मक सुझाव दिए और भाजपा के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया।
इसके बाद जनसंपर्क अभियान अशोक राजपथ स्थित श्री हनुमान मंदिर परिसर पहुंचा, जहां पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद किया गया। इसके उपरांत वार्ड-37 के नटराज गली, अशोक राजपथ, गोला रोड, बजाजा, दलदली, आईएमए हॉल, द्वारिकानाथ लेन और सालिमपुर अहरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया गया।
जंक्शन मंडल के बाकरगंज रोड और आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ कदमकुआं मंडल के उमा सिनेमा हॉल, दलदली रोड, बजाजा इलेक्ट्रॉनिक मार्केट, कला मंच, ठाकुरबाड़ी रोड, चूड़ी मार्केट और पार्क रोड में भी व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। अभियान में पार्षद संजीव आनंद, मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
इस दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। लोगों ने कहा कि बांकीपुर की मिट्टी से निकला एक समर्पित बूथ स्तर का कार्यकर्ता आज भाजपा का प्रत्याशी बना है, जो पार्टी की कार्यकर्ता-आधारित संस्कृति का परिचायक है। कई स्थानों पर नागरिकों ने कहा कि बांकीपुर में विकास की निरंतरता बनाए रखने के लिए वे एनडीए के पक्ष में मतदान करेंगे।
दोपहर में पटना सिविल कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं से भी मुलाकात कर उनका सहयोग और आशीर्वाद प्राप्त किया गया। अधिवक्ताओं ने चुनाव में पूर्ण समर्थन देने का भरोसा जताते हुए कहा कि विकास और सुशासन की राजनीति को आगे बढ़ाने के लिए बांकीपुर की जनता एनडीए के साथ खड़ी है।
जनसंपर्क अभियान के दौरान लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि पूर्व विधायक एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए इस बार भी बांकीपुर की जनता एनडीए के पक्ष में मतदान करेगी और रिकॉर्ड मतों से विजय दिलाएगी। पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी दावा किया कि क्षेत्र में मिल रहे अभूतपूर्व जनसमर्थन से एनडीए की जीत सुनिश्चित है।
प्रत्याशी नीरज सिन्हा ने दावा करते हुए कहा कि बांकीपुर में जनसंपर्क अभियान को मिल रहा अपार जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता के प्यार और स्नेह से अभिभूत हूँ। दावा करते हुए उन्होंने कहा कि यहां की जनता ने इस उप चुनाव में कमल खिलना तय कर दिया।




