रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
मधेपुर प्रखंड के रहुआ संग्राम से जानकी नगर तक जानेवाली सड़क पर हुए जलजमाव का किया निरीक्षण
ऐंकर– मधुबनी जिलाधिकारी, आनंद शर्मा के द्वारा बुधवार को क्षेत्रभ्रमण के क्रम में घोघरडीहा प्रखंड के परसा हॉल्ट के समीप भुतही बलान नदी द्वारा बांध कटाव स्थल का निरीक्षण किया एवं संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निदेश दिए।
जिलाधिकारी के द्वारा निरीक्षण के दौरान बांध की वर्तमान स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था तथा नदी के जल स्तर का जायजा भी लिया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बांध के प्रत्येक हिस्से की नियमित निगरानी की जाए तथा कहीं भी कटाव, रिसाव अथवा क्षति के संकेत मिलने पर तत्काल आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात के मौसम में बांध की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता में होनी चाहिए। उन्होंने जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता एवं अन्य अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने तथा 24 घंटे निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर आवश्यक मात्रा में बालू की बोरियां, बोल्डर एवं अन्य सुरक्षा सामग्री उपलब्ध रखने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखने को कहा।
तत्पश्चात जिलाधिकारी के द्वारा मधेपुर प्रखंड के रहुआ संग्राम से जानकी नगर जानेवाली सड़क पर जलजमाव का निरीक्षण किया। वे भुतही एवं तिलयुगा नदी के संगम स्थल एवं जानकी नगर के तरफ जाकर वस्तुस्थिति का जायजा भी लिया। इस क्रम में जिलाधिकारी ने आमजनों से उनकी समस्याओं एवं उसके निदान के संबंध में चर्चा की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि आवागमन को सुचारु बनाये रखने के लिए दो नावों को लगाया गया है। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने अंचल अधिकारी को एक और नाव को लगाने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि नदियों के जलस्तर पर निगरानी बरती जा रही है। इस स्थल पर पानी का जलस्तर कम-अधिक हो रहा है, इसकी निगरानी रखी जा रही है, एवं वस्तुस्थिति से विभाग को भी अवगत कराया जायेगा।
उन्होंने कहा कि आपदा के मामलों में जिला प्रशासन एवं सरकार के द्वारा जीरो टॉलरेंस की नीति अपनायी जाती है। स्थानीय लोगों द्वारा बिजली की समस्या उठाये जाने पर जिलाधिकारी ने कहा कि वे इसकी जांच कराएंगे की विभागीय मानक के अनुसार विद्युत की आपूर्ति हो रही है अथवा नही। इसमें दोषी पाए जाने लर संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को चिन्हित करते हुए कारवाई की जायेगी।
इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, झंझारपुर, श्रीमती टोनी कुमारी, सहायक, निदेशक सामाजिक सुरक्षा, नितेश पाठक, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, रजनीश कुमार, ग्रामीण कार्य विभाग, जल संसाधन विभाग एवं बाढ़ नियंत्रण के पदाधिकारी अंचल अधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।




