सीतामढ़ी-पाकिस्तानी गैंगस्टर से संपर्क में दो संदिग्ध गिरफ्तार, बड़ी मॉब लिंचिंग की साजिश नाकाम!

SHARE:


रिपोर्ट : आदित्यानंद आर्य

एनआईए के इनपुट पर कार्रवाई करते हुए सीतामढ़ी पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क के संपर्क में रहने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर बड़ी मॉब लिंचिंग जैसी वारदात की कथित साजिश को विफल करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गाढ़ा थाना क्षेत्र के पकौर निवासी मो. इकलाख और मो. अरमान के रूप में हुई है। पुलिस के प्रारंभिक जांच में दोनों के इंस्टाग्राम के माध्यम से पाकिस्तानी गैंगस्टर एम. राणा और अन्य संदिग्ध अकाउंट से संपर्क में होने की जानकारी मिली है। आरोप है कि उन्हें भारत में मॉब लिंचिंग जैसी घटना को अंजाम देने के बदले पैसे का लालच दिया गया था। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद दोनों दिल्ली भागने की योजना बना रहे थे, लेकिन इससे पहले ही टकौर गांव में घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में पता चला कि दोनों गुजरात की एक सिलाई मशीन निर्माण फैक्ट्री में काम करते थे और 14 जून को सीतामढ़ी लौटे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए हैं। जब्त डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया चैट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Join us on: