रिपोर्ट – अमित कुमार!
पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र से सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां महिनावा गांव के बांध के पास खेत से एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया है। मृतक के शरीर पर जलने के निशान पाए गए हैं। परिवार वालों ने हत्या कर एसिड से जलाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान महिनावा बाजार निवासी विकास कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विकास राज मिस्त्री का काम करता था।
शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि विकास की हत्या के बाद शव पर एसिड डाला गया है।
सूचना मिलने पर एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले की हर बिंदु पर जांच कर रही है।
वहीं मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने न्याय की मांग को लेकर मुख्य सड़क को जाम कर दिया। काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। पुलिस लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाने में जुटी है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
–



