रिपोर्ट :- संतोष चौहान
सुपौल :- बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून के बावजूद बिहार में शराब तस्करों द्वारा तस्करी के नये- हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। ऐसा ही एक नजारा सुपौल रेलवे स्टेशन पर देखने को मिला, जहां उत्पाद एवं मद्यनिषेध विभाग, सुपौल की टीम ने आर पी एफ के सहयोग से गुप्त सूचना के आधार पर वैशाली एक्सप्रेस ट्रेन में छापा मारकर भारी मात्रा में विदेशी शराब एवं बीयर की बोतल बरामद की। साथ ही इस गोरखधंधे में संलिप्त दो तस्कर को भी धर दबोचा। जो उत्पाद एवं मद्यनिषेध विभाग सुपौल के लिए बहुत बड़ी सफलता मानी जा रही है।
ज्ञात हो कि उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान वैशाली एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या-15566) से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर की बोतल बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान दो शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया।
इस मामले की जानकारी देते हुए उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि ललितग्राम से सहरसा लौट रही वैशाली एक्सप्रेस ट्रेन की सुपौल रेलवे स्टेशन पर सघन तलाशी ली गई। गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग सुपौल एवं आर पी एफ की संयुक्त टीम के द्वारा ट्रेन के बी-4 एवं बी-5 कोच में जांच अभियान चलाया गया। तलाशी के क्रम में सीटों के नीचे संदिग्ध रूप से रखे गए 09 बोरे और 03 पीठू बैग बरामद किए गए।
जब बैग और बोरों की जांच की गई तो उसमें छिपाकर रखी गई 209.250 लीटर विदेशी शराब तथा 10.500 लीटर बीयर की बोतल बरामद हुई। टीम ने मौके पर ही शराब को जब्त कर लिया तथा मामले में संलिप्त दो आरोपित तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अभिनाश कुमार चौधरी उर्फ फेंटा, पिता मुकेश चौधरी, निवासी कृष्णानगर वार्ड नंबर-22/37, थाना कहरा, जिला सहरसा तथा बिनीत कुमार, पिता संजय प्रसाद यादव, निवासी वार्ड नंबर-10, थाना कहरा, जिला सहरसा के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ कर शराब तस्करी के नेटवर्क और इसके स्रोत के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिले में लगातार निगरानी और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। रेलवे मार्ग का उपयोग कर शराब की तस्करी करने वालों पर विभाग की पैनी नजर है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी है।
उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई में मद्यनिषेध निरीक्षक प्रभुनाथ सिंह, संजय प्रियदर्शी एवं कुश कुमार, अवर निरीक्षक विष्णुदेव यादव एवं विशाल कुमार, मद्यनिषेध सिपाही अभिषेक कुमार तथा सहरसा ग्रुप सेंटर के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अभियान को सफल बनाने में आर पी एफ सहरसा के निरीक्षक धनंजय कुमार एवं सुपौल की टीम का भी सराहनीय सहयोग रहा।
उत्पाद विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं शराब की तस्करी या अवैध कारोबार की सूचना मिले तो इसकी जानकारी तत्काल विभाग को दें। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




