बेतिया- सांड के हमले में बाइक सवार की मौत, आक्रोशित परिजनों ने किया सड़क जाम!

SHARE:

रिपोर्ट – मनोज कुमार!

-खबर पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से जहां सांड के हमले में बाइक सवार की मौत, आक्रोशित परिजनों ने किया सड़क जाम
नरकटियागंज। पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज-बेतिया मुख्य मार्ग पर एसएसबी कैंप के समीप शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में सांड के हमले से घायल बाइक सवार की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान चनपटिया थाना क्षेत्र के सिसवनिया गांव निवासी 42 वर्षीय संतोष साह के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर करीब दो घंटे तक जाम कर प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, संतोष साह आम बेचकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एसएसबी कैंप के आगे सोफवा गांव के पास सड़क किनारे खड़े एक सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और शव लेकर नरकटियागंज पहुंचे, जहां सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची शिकारपुर थाना पुलिस ने परिजनों को समझाकर करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त कराया। घटना के बाद मृतक की पत्नी प्रेमशीला देवी, 13 वर्षीय पुत्री अंजली कुमारी तथा पुत्र रोहित कुमार (6) और राहुल कुमार (4) का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Join us on: