रिपोर्ट – अमित कुमार!
पटना के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र के खेमनीचक के पास एक पुलिसकर्मी के कथित रूप से नशे की हालत में होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है।
वायरल वीडियो में दिख रहे पुलिसकर्मी की पहचान विनोद राम के रूप में हुई है। बताया गया कि वह पहले भी शराब पीने के मामले में निलंबित हो चुका है।
वीडियो की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संबंधित पुलिसकर्मी को हिरासत में लेकर उसकी चिकित्सीय जांच कराई। मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पुलिसकर्मी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
इस मामले में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 रंजन कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और दोषी पाए जाने पर किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।




