सिमरिया सिक्स-लेन पुल पर एक्सपेंशन जॉइंट के तकनीकी अनुरक्षण का कार्य प्रगति पर, यातायात जारी!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा एनएच-31 के औंटा–सिमरिया (गंगा पुल एवं एप्रोच रोड) खंड पर स्थित सिमरिया सिक्स-लेन पुल के पियर P12 एवं P13A के बीच स्थित एक्सपेंशन जॉइंट के प्रतिस्थापन का कार्य प्रगति पर है। यह कार्य भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बॉम्बे की निरीक्षण रिपोर्ट एवं अनुशंसाओं के आधार पर किया जा रहा है।

NHAI के क्षेत्रीय अधिकारी आर. वेंकटेश्वरलु ने बताया कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बॉम्बे द्वारा पुल का नियमित तकनीकी निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के उपरांत प्राप्त अनुशंसाओं के आधार पर पियर P12 एवं P13A के बीच स्थित एक्सपेंशन जॉइंट के प्रतिस्थापन का कार्य किया जा रहा है।

क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि एक्सपेंशन जॉइंट पुल का एक महत्वपूर्ण तकनीकी अवयव (Component) है, जो तापमान में परिवर्तन, यातायात भार तथा संरचनात्मक गतियों के अनुरूप पुल को आवश्यक लचीलापन प्रदान करता है। विशेषज्ञों द्वारा समय-समय पर किए जाने वाले तकनीकी निरीक्षण के आधार पर आवश्यकता अनुसार ऐसे घटकों का अनुरक्षण अथवा प्रतिस्थापन किया जाता है। यह आधुनिक पुलों के निवारक अनुरक्षण (Preventive Maintenance) का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य संभावित समस्याओं का समय रहते समाधान करते हुए पुल की दीर्घकालिक सुरक्षा, स्थायित्व तथा सुगम एवं आरामदायक आवागमन सुनिश्चित करना है।


श्री वेंकटेश्वरलु ने आगे बताया कि वर्तमान अनुरक्षण कार्य पुल के केवल एक सीमित हिस्से तक ही सीमित है। कार्य के दौरान भी पुल पर वाहनों का आवागमन जारी है तथा यातायात पर न्यूनतम प्रभाव सुनिश्चित करते हुए निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य किया जा रहा है। मरम्मत कार्य पूर्ण होने के उपरांत यातायात शीघ्र सामान्य हो जाएगा।


उन्होंने कहा कि NHAI की सर्वोच्च प्राथमिकता सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा एवं राष्ट्रीय राजमार्ग परिसंपत्तियों की दीर्घकालिक विश्वसनीयता सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य से प्रमुख पुलों एवं अन्य संरचनाओं का नियमित तकनीकी निरीक्षण कराया जाता है तथा विशेषज्ञों की अनुशंसाओं के आधार पर आवश्यकता अनुसार समयबद्ध अनुरक्षण कार्य किए जाते हैं।

Join us on:

और पढ़ें