दरभंगा- बॉउंड्री वाल निर्माण के दौरान बिस्फोट, दो मजदूर जख़्मी, बम होने की आशंका, जाँच में जुटी पुलिस!

SHARE:

दरभंगा संवाददाता:- लक्ष्मण कुमार!

चंचल नगर में संदिग्ध बम विस्फोट, दो मजदूर घायल; जमीन विवाद के एंगल से जांच में जुटी पुलिस
बाउंड्री वॉल निर्माण के दौरान झोला हटाते ही हुआ धमाका, डीएमसीएच में भर्ती, घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात।*

दरभंगा जिले के पतोर थाना क्षेत्र के चंचल नगर में मंगलवार को बाउंड्री वॉल निर्माण के दौरान हुए संदिग्ध बम विस्फोट में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद के पहलू को भी खंगाल रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घायलों की पहचान चंचल नगर निवासी लक्ष्मी पासवान के पुत्र रामबाबू पासवान तथा सियाकांत के पुत्र भोला पासवान के रूप में हुई है। दोनों मजदूर निर्माणाधीन चारदीवारी में स्ट्रिंग खोलने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान लोहे की रॉड में टंगा एक झोला दिखाई दिया। मजदूरों ने झोले को हटाने की कोशिश की तो उसमें जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए डीएमसीएच भेजा गया, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, जिस जमीन पर चारदीवारी का निर्माण हो रहा था, वह मोहम्मद शाहिद की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस जमीन को लेकर वर्षों से विवाद चला आ रहा है। बताया जाता है कि वर्ष 2008 में मोहम्मद शाहिद ने मोहम्मद शेर मोहम्मद से जमीन खरीदी थी, लेकिन वर्ष 2025 में उसी जमीन की दोबारा रजिस्ट्री डॉ. रफीक के नाम किए जाने के बाद विवाद और गहरा गया।

स्थानीय लोगों का मानना है कि घटना का संबंध इसी पुराने जमीन विवाद से हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की पुष्टि नहीं की है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि झोले में विस्फोटक किसने और कब रखा तथा घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।

बाइट
1,मोहम्मद शाहिद,जमीन मालिक
2,अशोक पासवान,स्थानीय

Join us on: