रिपोर्ट – अमित कुमार!
पटना के बेऊर थाना क्षेत्र में बाईपास किनारे 30 मई 2026 को मिले आनंद कुमार के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मुख्य साजिशकर्ता समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है और वारदात में इस्तेमाल बाइक व चार मोबाइल बरामद हुए हैं।
जांच में सामने आया कि पूर्व से चल रहे पारिवारिक जमीन विवाद के कारण आनंद कुमार की सुपारी देकर हत्या कराई गई थी। मृतक पैठानी नत्थुपुर का निवासी था और फिलहाल ससुराल के पास किराए पर रह रहा था। शव मिलने के बाद बेऊर थाना कांड संख्या 320/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 में प्राथमिकी दर्ज हुई।
नगर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी साकेत कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ-1 फुलवारीशरीफ के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। पहले 4 जून को उमेश कुमार उर्फ सुटाली राय को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद तकनीकी सूचना के आधार पर शास्त्रीनगर निवासी राजीव कुमार, पैठानी नत्थुपुर निवासी आदर्श कुमार उर्फ गोलू, समपतचक बाजार निवासी रौशन कुमार तथा शाहपुर निवासी गौरी शंकर को पकड़ा गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि हत्या शूटर गोनू कुमार, प्रिंस कुमार और मयंक कुमार से कराई गई थी। तीनों शूटर वर्तमान में दीदारगंज थाना कांड संख्या 104/26 में न्यायिक हिरासत में हैं। पुलिस के अनुसार हत्या की मुख्य वजह आनंद कुमार और भुटाली राय के बीच लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक जमीन विवाद था। सभी गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



