रिपोर्ट :- संतोष चौहान, सुपौल
सुपौल :- पिपरा थानाध्यक्ष की पहल लाएगी रंग हर छोटी-बड़ी घटनाओं का पंचायत स्तर पर ही समाधान हो इसके लिए थाना क्षेत्र के सभी 15 पंचायत के मुखिया एवं नगर पंचायत पिपरा के चैयरमेन के साथ शुक्रवार को पिपरा थाना परिसर में थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने एक समन्वय बैठक की। बैठक में थानाध्यक्ष ने सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि गांव-घर में छोटे-मोटे विवाद अक्सर होते रहते हैं, जिसको लेकर लोग थाने चले आते हैं। जिसका निवारण हम सभी मिलकर गांव एवं पंचायत स्तर पर ही हो का प्रस्ताव दिया गया।जिसे बैठक में मौजूद सभी पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने सहज स्वीकार करते हुए थानाध्यक्ष द्वारा दिए गये प्रस्ताव का समर्थन किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि थाना क्षेत्र में अधिकांश मामले जमीनी विवाद को लेकर आते हैं अगर छोटी बड़ी विवादों का पंचायत स्तर पर ही निराकरण हो जाए तो थाना में एफ आई आर कम दर्ज होगा अगर हम लोग प्रत्येक पंचायत में जाकर छोटे- मोटे मामले का निपटारा कर दे तो लोगों को थाना का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा इस पर सभी पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने सहमति जताई और थाना अध्यक्ष के इस कदम को बहुत ही सराहनीय कदम बताया। जनप्रतिनिधियों ने इस नेक कार्य के लिए अंचलाधिकारी को भी पंचायतों में होने वाली कार्यक्रम में सम्मिलित होने की बात कही ताकि जमीन विवाद से संबंधित किसी भी मामले को पंचायत स्तर पर सुलझाया जा सकें। सभी पंचायत से आए मुखिया जी के सहमति के बाद यह निर्णय लिया गया कि आफिसियल वर्क के बाद प्रतिदिन शाम चार बजे से छः बजे के बीच पंचायत वार स्थानीय जनप्रतिनिधि पुलिस पदाधिकारी और अंचलाधिकारी बैठक कर मामलों का निष्पादन करेंगे। थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया सप्ताह के सात दिन पंचायतवार तिथि निर्धारित की जा रही है उसके बाद अगले सोमवार से इस ओर पहल शुरू कर दी जाएगी। अगले सोमवार को पथरा उत्तर पंचायत, पथरा दक्षिण और निर्मली पंचायत से इसकी शुरुआत होगी। थानाध्यक्ष के इस पहल से स्थानीय लोगों में थाने की चक्कर से मुक्ति मिलने की आस जगी है।




