आरा में रेलवे स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण अंतिम चरण में, अगस्त अंत तक उद्घाटन की तैयारी!

SHARE:

रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय!

आरा। दानापुर मंडल के वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी अतुल कुमार ने शुक्रवार को आरा में निर्माणाधीन रेलवे स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन निर्माण की प्रगति और विभिन्न कार्यों का बारीकी से जायजा लिया तथा मुख्य संवेदक को निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन अगस्त माह के अंत तक करा दिया जाए, जिससे रेलवे कर्मचारियों और उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के बाद श्री कुमार ने रेलवे कॉलोनी का भी दौरा किया। निरीक्षण के दौरान ईसीआरकेयू के केंद्रीय पदाधिकारी मनोज कुमार पांडेय ने कॉलोनी में लंबे समय से लंबित चिल्ड्रेन पार्क के निर्माण की मांग उठाई। इस पर वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक प्रयास करने का भरोसा दिया। साथ ही कॉलोनी के मुख्य प्रवेश द्वार पर स्टील गेट लगाने तथा अन्य आवश्यक विकास कार्यों को भी अपने स्तर से कराने का आश्वासन दिया।

निरीक्षण के दौरान ईसीआरकेयू के सहायक शाखा मंत्री बिंध्याचल शर्मा, कल्याण निरीक्षक राजन, पंकज एवं आईओडब्ल्यू सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इससे पूर्व आरा रेलवे कॉलोनी पहुंचने पर ईसीआरकेयू के पदाधिकारियों ने अतुल कुमार का अंगवस्त्र देकर सम्मान किया।

Join us on: