स्कूल का पीपरा विधायक रामविलास कामत ने किया औचक निरीक्षण, शिक्षा व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान, सुपौल

सुपौल :- जिले के पिपरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं बिहार विधानसभा सत्तारूढ़ दल के सचेतक रामविलास कामत ने गुरुवार को उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, लाउढ़ का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित शिक्षण कार्य, छात्रों की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन योजना, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, पुस्तकालय तथा प्रयोगशाला की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। विधायक के अचानक विद्यालय पहुंचने से शिक्षकों एवं विद्यालय कर्मियों में हलचल रही।
निरीक्षण के दौरान विधायक श्री कामत ने सीधे विभिन्न कक्षाओं में पहुंचे और बच्चों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने छात्रों से पढ़ाई-लिखाई, नियमित कक्षाओं के संचालन, शिक्षकों की उपलब्धता तथा विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों से पाठ्य पुस्तकों के विषय में प्रश्न पूछे और उनकी शैक्षणिक समझ का भी आकलन किया। इस दौरान विधायक ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, नियमित विद्यालय आने तथा अपने भविष्य के प्रति गंभीर रहने की प्रेरणा दी।
विद्यालय में संचालित मध्याह्न भोजन योजना का भी उन्होंने निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से भोजन की गुणवत्ता, समय पर भोजन मिलने तथा मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी ली। साथ ही विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जाए, ताकि बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके।
इसके बाद विधायक ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की साफ-सफाई, पुस्तकालय तथा विज्ञान प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापक से इन सुविधाओं के नियमित उपयोग एवं रखरखाव की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष जोर दिया और कहा कि स्वच्छ वातावरण में ही बच्चों का समुचित शैक्षणिक विकास संभव है।
प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों के साथ बैठक करते हुए विधायक श्री कामत ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बच्चों की शिक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माता होते हैं और उनके कंधों पर आने वाली पीढ़ी को बेहतर शिक्षा देने की जिम्मेदारी होती है। इसलिए सभी शिक्षक पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
विद्यालय भवन की स्थिति पर चर्चा करते हुए विधायक ने कहा कि यदि भवन की मरम्मत, अतिरिक्त कक्ष निर्माण, फर्नीचर, प्रयोगशाला उपकरण, पुस्तकालय विस्तार या अन्य किसी प्रकार की सुविधा की आवश्यकता हो तो विद्यालय प्रशासन तत्काल विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आवश्यक प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद संबंधित विभाग से राशि स्वीकृत कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा, ताकि विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित किया जा सके।
इस अवसर पर विधायक श्री कामत ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव होती है। राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है और पिपरा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा, “हमारा संकल्प है कि पिपरा विधानसभा का कोई भी बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित नहीं रहे। विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विकास और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
उन्होंने अभिभावकों से भी अपने बच्चों की नियमित पढ़ाई पर ध्यान देने और उन्हें प्रतिदिन विद्यालय भेजने की अपील की। उनका कहना था कि शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालय, शिक्षक और अभिभावक तीनों की समान भागीदारी आवश्यक है। सभी के सामूहिक प्रयास से ही बच्चों का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षा समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित थे। ग्रामीणों ने विद्यालय से जुड़ी कुछ समस्याओं और आवश्यकताओं से विधायक को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर यथाशीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया।

Join us on:

और पढ़ें