पंचाने नदी में बालू धंसा , ट्रैक्टर पर लोडिंग के दौरान दबने से किशोर की मौत!

SHARE:

रिपोर्ट – मिथुन कुमार!

नालंदा जिले के गिरियक थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। महमदपुर गांव के पास पंचाने नदी में अवैध बालू खनन के दौरान मिट्टी का बड़ा धसान गिरने से 16 वर्षीय किशोर रौशन चौधरी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि ट्रैक्टर चालक और अन्य लोग मौके से फरार हो गए।
पूरी खबर

मृतक की पहचान सिलाव थाना क्षेत्र के दरियासराय मुसहरी गांव निवासी मनोज चौधरी के 16 वर्षीय पुत्र रौशन चौधरी के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के माने तो पंचाने नदी से अवैध रूप से ट्रैक्टर पर बालू लोड किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक बालू और मिट्टी का बड़ा हिस्सा धंस गया और रौशन उसके नीचे दब गया। घटना होते ही वहां मौजूद लोग अपनी जान बचाकर भाग निकले।

बाद में ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर किशोर को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस इलाके में लंबे समय से अवैध बालू खनन का कारोबार खुलेआम चल रहा है। रोजाना ट्रैक्टरों से बालू ढोया जाता है, जिससे ग्रामीण सड़कें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं।

बताया जा रहा है कि रौशन चार भाई-बहनों में था। उसके माता-पिता उत्तर प्रदेश में ताड़ के पेड़ों पर चढ़कर मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और वे आनन-फानन में अपने गांव के लिए रवाना हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही गिरियक थानाध्यक्ष श्रीकांत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला अवैध बालू खनन से जुड़ा पाया गया है। पुलिस यह पता लगा रही है कि घटना के समय वहां कौन-सा ट्रैक्टर मौजूद था और उसका मालिक कौन है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल परिजन पोस्टमार्टम कराने के पक्ष में नहीं हैं। पुलिस उन्हें समझाने का प्रयास कर रही है। साथ ही, पूरे मामले की जांच कर दोषियों की पहचान के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Join us on: