:- रवि शंकर अमित/बबलू राय!
-बेगूसराय से इस वक्त की बड़ी खबर… जहां एक बेटी के कथित अपहरण के मामले में पुलिस कार्रवाई से नाराज परिवार न्याय की गुहार लेकर सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गया। एसपी कार्यालय के मुख्य गेट के बाहर सड़क पर बोरा बिछाकर धरने पर बैठे परिजनों ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अगवा किया गया है। इतना ही नहीं, परिवार का दावा है कि युवती घर से करीब चार भर सोना और 55 हजार रुपये नकद भी लेकर चली गई।
पीड़िता के पिता रामचंद्र पंडित का कहना है कि उनकी पुत्री 15 मई से लापता है। उन्होंने गांव के नक्षत्र पासवान पर बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। आवेदन में नक्षत्र पासवान के अलावा अंकित कुमार और मिथलेश देवी को भी नामजद करते हुए तीनों पर सुनियोजित तरीके से युवती को गायब करने का आरोप लगाया गया है। परिजनों का यह भी कहना है कि शिकायत करने के बाद उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, जिससे पूरा परिवार भय के साये में जी रहा है।
परिजनों के मुताबिक, इस मामले की लिखित शिकायत पहले ही चेरिया बरियारपुर थाना में दी जा चुकी थी और उसकी प्रति भी एसपी को सौंपे गए आवेदन के साथ संलग्न की गई है। परिवार का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसी से आक्रोशित होकर वे एसपी कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। उनका साफ कहना है कि जब तक बेटी की सकुशल बरामदगी और नामजद आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं, आवेदन में आरोपित परिवार के कथित रूप से माओवादी संगठन से जुड़े होने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस ने भी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। यह जांच का विषय है।
उधर, पुलिस का कहना है कि आवेदन प्राप्त हो चुका है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। अब सभी की नजर पुलिस जांच और युवती की सकुशल बरामदगी पर टिकी हुई है।
बाइट – परिजन
बाइट – परिजन
बाइट – परिजन



