रिपोर्ट – अमित कुमार!
भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर पटना में विरोध-प्रदर्शन तेज हो गया है। रविवार को हिंदू पुत्र संगठन के बैनर तले बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पटना के कारगिल चौक पर कैंडल मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने मामले की न्यायिक और सीबीआई जांच की मांग करते हुए सरकार और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पटना के कारगिल चौक पर हिंदू पुत्र संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में मोमबत्तियां लेकर सड़क पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने भारत भूषण तिवारी की मौत के मामले में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। संगठन ने कहा कि दोषी पुलिसकर्मियों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।
संगठन के अध्यक्ष नागेश सम्राट ने आरोप लगाया कि भारत भूषण तिवारी गरीब, दलित, पिछड़ा और अति पिछड़ा समाज के लोगों की आवाज उठाते थे तथा क्षेत्र की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का काम करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने का प्रयास कर रही है। साथ ही मामले की न्यायिक जांच और सीबीआई जांच कराने की मांग की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी पर भी राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया।



