रिपोर्ट – सुमित कुमार!
मुंगेर। बिहार के माननीय मुख्यमंत्री के मुंगेर जिला आगमन एवं टेटिया बंबर प्रखंड में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम के सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार को प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा एवं पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने कार्यक्रम से जुड़े विभिन्न स्थलों का भ्रमण किया और संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का निर्देश दिया। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
वहीं, पुलिस उप महानिरीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सुचारु यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बतातें चले कि सम्राट चौधरी टेटिया बंबर में पीएम के मन की बात को सुनेंगे उसके बाद पंचायत सरकार भवन का उदघाटन करंगे उसके पश्चात देवघड़ा पहाड़ का निरीक्षण करेंगे ।
इस अवसर पर जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, चिकित्सा दल, एम्बुलेंस तथा आपदा प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी कर दी गई है तथा सभी अधिकारियों को निर्धारित समय से पूर्व अपने-अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद सहित जिला एवं पुलिस प्रशासन के वरीय अधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी तथा संबंधित कार्यपालक एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



