आरा/आशुतोष पाण्डेय!
भोजपुर जिले के गढ़हनी थाना क्षेत्र के बड़ोरा गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 8 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान इशान्त कुमार दुबे के रूप में हुई है। वह मूल रूप से शाहपुर थाना क्षेत्र के देवकुली गांव का निवासी था और इन दिनों अपने मामा के घर बड़ोरा गांव में रह रहा था।
जानकारी के अनुसार, इशान्त अमरूद तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ा था। इसी दौरान उसके गले में पड़ी माला पेड़ की शाखा में फंस गई, जिससे उसका गला कस गया। जब तक परिजनों और स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ती, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।




