रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी भूमि विवादों के त्वरित एवं शांतिपूर्ण निष्पादन को लेकर शनिवार को बासोपट्टी अंचल परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में अंचलाधिकारी विकास कुमार एवं बासोपट्टी थाना प्रभारी कार्तिक भगत ने लोगों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान अंचलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
जनता दरबार में प्रखंड क्षेत्र के जोंकी, नरकटिया,भैयापट्टी, घोड़बंकी एवं विभिन्न पंचायतों से पहुंचे लोगों ने मुख्य रूप से भूमि सीमांकन, रास्ते के विवाद, कब्जा, बंटवारा एवं अन्य आपसी विवादों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनकर उपलब्ध दस्तावेजों की जांच किए। जिन मामलों का मौके पर समाधान संभव था, उनका निष्पादन तत्काल कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में आवश्यक कागजात उपलब्ध कराने तथा निर्धारित तिथि पर दोनों पक्षों को उपस्थित होने का निर्देश दिया गया।
थानाध्यक्ष कार्तिक भगत ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य छोटे-छोटे विवादों का स्थानीय स्तर पर निष्पक्ष एवं शीघ्र समाधान कर अनावश्यक मुकदमेबाजी को रोकना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों में कानून का पालन करें और किसी भी प्रकार के तनाव या विवाद की स्थिति में प्रशासन को सूचना दें।
जनता दरबार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि लोगों की शिकायतों का निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे।




