रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
मधुबनी बिहार चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ प्रखंड शाखा जयनगर के बैनर तले आशा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जयनगर परिसर में एकदिवसीय धरना- प्रदर्शन का कार्यक्रम किया है। धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष मंजुली कुमारी ने की और धरना स्थल पर बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता एकत्र होकर पिछले नौ माह से लंबित मानदेय एवं प्रोत्साहन राशि के भुगतान की मांग उठाई। इस दौरान सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की गई। धरना को संबोधित करते हुए शाखा अध्यक्ष मंजुली कुमारी ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं को पिछले नौ माह से उनके किए गए कार्य का भुगतान नहीं मिला है। इससे उनके समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता गांव- गांव जाकर टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती आ रही हैं, लेकिन उनकी मेहनत और समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। वक्ताओं ने कहा कि समय पर मानदेय और प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं होने से आशा कार्यकर्ताओं के परिवारों के समक्ष आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने सरकार और स्वास्थ्य विभाग से अविलंब लंबित भुगतान जारी करने तथा आशा कार्यकर्ताओं की अन्य मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की। आशा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर सामूहिक कार्य बहिष्कार, जिला स्तरीय प्रदर्शन एवं अन्य लोकतांत्रिक आंदोलनों का सहारा लिया जाएगा। आगे कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक उनकी जायज मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। धरना के दौरान संबंधित अधिकारियों को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपने की भी घोषणा की गई। कार्यक्रम में संगीता कुमारी, उषा सिन्हा, सीमा सिंह, ललिता देवी, रसीद खातून, मंजू देवी, वीणा देवी, आशा देवी, शहजादी खातून, अनिता देवी, रेखा देवी, रामपुरी देवी, तारा देवी, मीरा देवी, रानी देवी, रिंकू कुमारी, राजकुमारी देवी, भारती कुमारी पासवान, मालती देवी सहित बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं और कार्यक्रम के अंत में सभी आशा कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया है।




